टुडे गुजराती न्यूज (ऑनलाइन डेस्क)
अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारत और चीन की सेना के बीच हुई झड़प को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। वहीं, अब भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है। भाजपा नेता गौरव भाटिया ने शनिवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी पर निशाना साधा है।
गौरव भाटिया ने कहा कि एक भारतीय होने के नाते और भाजपा को भारत की सेना पर गर्व है, जो जवान सीमा पर चीन की सेना को पीट रहे हैं, उनको अपनी ताकत दिखा रहे हैं। उस समय पर भारत के ‘जयचंद’ राहुल गांधी हमारी सेना का मनोबल तोड़ने का काम क्यों कर रहे हैं।
गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरा होने पर राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता की थी। राहुल ने कहा था कि चीन हमारे खिलाफ युद्ध की तैयारी कर रहा है, केंद्र सरकार सच को स्वीकार करने के बजाए इसे छिपा रही है। राहुल ने ये भी कहा था कि चीन अरुणाचल प्रदेश में भारतीय जवानों को पीट रहा है।
इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने भी ट्वीट कर राहुल पर निशाना साधा। रविशंकर ने कहा कि राहुल गांधी जी, कब तक आप झूठ बोल बोल कर सेना पर सवाल उठाते रहेंगे? अब तो हमारी सेना की बहादुरी मीडिया में उपलब्ध साक्ष्यों से भी जग जाहिर हो चुकी है, लेकिन फिर भी आप सेना पर सवाल उठा रहे हैं। आपने उरी और बालाकोट के बाद भी सेना की बहादुरी का प्रमाण मांगा था। अब तो ये झूठ फैलाना और देश के मनोबल को तोड़ने का काम बंद करिये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत बहुत मजबूत है और अपनी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है।